हल्द्वानी। लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की पहल पर खनन वाहनों के वजन निर्धारण में सुधार की दिशा में सरकार ने सकारात्मक कदम उठाया है। विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर कहा कि मौजूदा व्यवस्था में अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए भिन्न वजन मानक लागू होने से खनन गेटों पर अव्यवस्था और विवाद की स्थिति बन रही है।
डॉ. बिष्ट ने बताया कि 70 से 90 क्विंटल तक वजन वाले वाहन अलग-अलग श्रेणियों में रखे गए हैं, जबकि पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) में दर्ज वजन के आधार पर उन्हें चलाने की अनुमति दी जाती है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि सभी खनन वाहनों के लिए एक समान वजन मानक लागू किया जाए, जिससे वाहन स्वामियों को सुविधा मिल सके और शांति बनी रहे।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस पत्र पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वाहन स्वामियों ने विधायक बिष्ट का आभार जताते हुए कहा कि उनका यह प्रयास सैकड़ों परिवारों के लिए राहत का कारण बनेगा।
