Spread the love

देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। तहसील चौक पर ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान एक महिला कांस्टेबल को जान से मारने की धमकी देने वाले विक्रम (टेंपो) चालक ने अगले ही दिन उस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। गनीमत रही कि महिला सिपाही बाल-बाल बच गई।

जानकारी के मुताबिक, तहसील चौक पर ट्रैफिक नियंत्रण की जिम्मेदारी महिला ट्रैफिक कांस्टेबल रेशमा के पास थी। बीते दिनों से वह लगातार विक्रम चालकों द्वारा लेफ्ट टर्न घेरने की शिकायतों पर कार्रवाई कर रही थीं।
3 नवंबर को उन्होंने विक्रम संख्या 1742 को नो पार्किंग से हटवाया। इस पर चालक भड़क गया और जाते-जाते रेशमा से बोला — “तुझे मैं कल का सूरज नहीं देखने दूंगा।”

रेशमा ने पहले इस धमकी को हल्के में लिया, लेकिन अगले दिन यानी 4 नवंबर को वही चालक फिर तहसील चौक पहुंचा। उसने विक्रम को तेजी से रेशमा की ओर बढ़ा दिया। सतर्कता से पीछे हटकर महिला कांस्टेबल ने खुद को बचाया। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया।

महिला सिपाही ने घटना की जानकारी एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह को दी। शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली में आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने बताया, “आरोपी विक्रम चालक की पहचान हो चुकी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।”


Spread the love
Ad