उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हुई हल्की बारिश और बर्फबारी का असर अब देहरादून में भी महसूस किया जा रहा है। तापमान में गिरावट के साथ शहर में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रह सकता है। हालांकि, सात से दस नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन मैदानी इलाकों में सुबह के समय उथला कोहरा देखने को मिल सकता है। देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि सुबह हल्का कुहासा बना रह सकता है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। पिछले सात दिनों में अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की कमी आई है। पिछले वर्षों की तुलना में भले ही इस बार ठंड ने देरी से दस्तक दी हो, लेकिन अब राजधानी देहरादून में सर्दी का असर महसूस होने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, इस समय भूमध्य रेखीय महासागर में ‘ला नीना’ की स्थिति कमजोर बनी हुई है। यह सिस्टम अभी स्थिर नहीं हुआ है और वायुमंडलीय दबाव सक्रिय है। ऐसे में नवंबर महीने में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, यानी जाड़े की शुरुआत में कुछ देरी हो सकती है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर तापमान में गिरावट संभव है।
