चंपावत जिले के टनकपुर में घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी विद्या पाल पर उसके पति लाल सिंह पाल और पुत्र रवि पाल ने धारदार हथियार से हमला किया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इलाज के लिए उप जिला चिकित्सालय, टनकपुर में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार की रात की है। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति ने उससे पैसे की मांग की थी। पैसे न देने पर पति और पुत्र ने सोते समय उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला के शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म के निशान हैं।
पीड़ित महिला ने गुरुवार को टनकपुर कोतवाली में पति और पुत्र के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय दिलाए जाने की मांग की। पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। टनकपुर पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज़ कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
