ऋषिकेश। मुनिकीरेती ढालवाला इलाके में शराब के ठेके के पास हुए विवाद में एक युवक की चाकू से हत्या कर दी गई। हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि मृतक का ही दोस्त था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल है।
मुनिकीरेती थाना पुलिस के अनुसार, शीशम झाड़ी निवासी 28 वर्षीय अजेंद्र कंडारी देर रात शराब के ठेके पर पहुंचे। उनके साथ उनका दोस्त और पड़ोसी अक्षय ठाकुर भी था। शराब पीते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि अक्षय ने चाकू उठाकर अजेंद्र की छाती में कई बार वार कर दिया। लहूलुहान अजेंद्र को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे एम्स रेफर किया गया। एम्स में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और पोस्टमार्टम न करने पर अड़े। बाद में लोगों की समझाइश के बाद शव को सील कर मोर्चरी में रखा गया।
मौके पर पहुंचे नरेंद्रनगर के पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने शराब के ठेके के बाहर प्रदर्शन कर प्रशासन पर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि इसी क्षेत्र में पहले भी कई आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं और खारा स्रोत स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान की वजह से अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने इस शराब की दुकान को तत्काल बंद करने की मांग की।
इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि अजेंद्र कबूतर पालने का शौक रखते थे। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद ही मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अक्षय को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि शरीर पर कितने वार किए गए।
