Spread the love

देहरादून: दीपावली के बाद उत्तराखंड का मौसम बदलता नजर आ रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में आसमान पर बादलों ने डेरा डाल रखा है, जिससे धूप और बादलों के बीच दिनभर आंख-मिचौली का सिलसिला जारी है। राजधानी देहरादून समेत मैदानी इलाकों में सुबह और शाम के समय अब ठंड का असर महसूस होने लगा है, जबकि पर्वतीय जिलों में तापमान में गिरावट के साथ बर्फबारी के संकेत मिलने लगे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम के वक्त ठंडी हवाएं मौसम में ठिठुरन बढ़ा रही हैं।

अगले कुछ दिनों में राज्य के कई जिलों — रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर — में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, लगभग 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों जैसे बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और औली में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते पहाड़ों में ठंड का असर और बढ़ेगा, जबकि मैदानी इलाकों में भी तापमान में धीरे-धीरे गिरावट जारी रहेगी।


Spread the love
Ad