हल्द्वानी के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में बीती रात एक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का सामान जल चुका था।
रेस्टोरेंट स्वामी के अनुसार, पास में लगे एक बिजली के पोल से अचानक तेज स्पार्किंग हुई, जिससे आग भड़क उठी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग को ढीले तारों और खराब कनेक्शन की शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते चेतावनी ली जाती तो आज उनका कारोबार सुरक्षित होता।
आग से रेस्टोरेंट का ऊपरी हिस्सा, रेफ्रिजरेटर, फर्नीचर, रसोई के उपकरण और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह से जल गए। आग इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया था। लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
फायर अधिकारी मिंदर पाल सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत अग्निशमन दल को रवाना किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया और आसपास की दुकानों को सुरक्षित किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
