रामनगर में स्थित विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी जोन को आज (बुधवार) से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है, जिससे पर्यटन सीजन की औपचारिक शुरुआत हो गई है। मानसून सत्र के बाद सुबह 6 बजे जैसे ही गेट खुले, देश-विदेश से आए पर्यटक जंगल सफारी के लिए उमड़ पड़े। इससे पूरे क्षेत्र में एक बार फिर रौनक लौट आई है।
बिजरानी जोन का उद्घाटन पारंपरिक तरीके से किया गया। इस अवसर पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक राहुल मिश्रा, एसडीओ अमित ग्वासाकोटी, रेंज अधिकारी नवीन पांडे, वनकर्मी और क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। सभी ने रिबन काटकर और पर्यटकों से भरी जिप्सियों को हरी झंडी दिखाकर सफारी के लिए रवाना किया।
बिजरानी जोन हर साल 30 जून को मानसून के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बंद कर दिया जाता है। भारी बारिश के कारण इस दौरान नदियों का जलस्तर बढ़ने और रास्तों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा रहता है। अब मौसम साफ होने के बाद, 15 अक्टूबर से पार्क दोबारा पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है, और इस बार सबसे पहले बिजरानी जोन को शुरू किया गया है।
यह जोन कॉर्बेट पार्क के सबसे लोकप्रिय जोनों में से एक है। यहां हर दिन सुबह और शाम दो पाली में सफारी कराई जाती है, जिसमें प्रति पाली 30-30 जिप्सियां जंगल सफारी के लिए जाती हैं। खास बात यह रही कि पहले ही दिन सभी स्लॉट पूरी तरह बुक हो गए।
बिजरानी जोन अपनी घनी हरियाली, साल के जंगल, खुले घास के मैदान और वन्यजीवों की विविधता के लिए प्रसिद्ध है। यहां अक्सर बाघ, हाथी, हिरण, मोर, तोता और कई अन्य पक्षी प्रजातियां दिखाई देती हैं। यही वजह है कि हर साल हजारों पर्यटक यहां सफारी का आनंद लेने आते हैं।
आज सफारी के पहले दिन दिल्ली, देहरादून, जयपुर, लखनऊ और गुजरात जैसे शहरों से आए पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। पर्यटकों ने बताया कि मानसून के बाद जंगल की हरियाली और साफ मौसम में सफारी का अनुभव बेहद रोमांचक रहा।
कॉर्बेट पार्क के उपनिदेशक राहुल मिश्रा ने बताया कि पार्क प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सफारी मार्गों की मरम्मत, जिप्सियों की जांच और नेचर गाइड्स को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। सभी चालकों और गाइड्स को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सैलानियों को सुरक्षित और सुखद अनुभव मिल सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कॉर्बेट पार्क का सबसे प्रसिद्ध जोन ढिकाला आगामी 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। इसी दिन से नाइट स्टे की सुविधा भी शुरू हो जाएगी, जिसका पर्यटक साल भर इंतजार करते हैं।
