Spread the love

उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुबाटा के पास  एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां स्कूली बच्चों से भरी एक बस को रोडवेज की बस ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही 108 आपातकालीन सेवा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बड़कोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

होटल व्यवसायी गुरुदेव सिंह रावत, जो मौके पर मौजूद थे, ने बताया कि स्कूली बस दुबाटा के पास बच्चों को बैठा रही थी, तभी यमुनोत्री जानकीचट्टी से देहरादून- दिल्ली की ओर जा रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर स्कूली बस से जा टकराई।

घटना के समय स्कूली बस में कुल 30 बच्चे सवार थे। इनमें से 14 बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि 2-3 बच्चों को थोड़ी ज्यादा चोटें लगी हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट में भर्ती कराया गया है, जहां प्राथमिक उपचार जारी है।

इसके अलावा रोडवेज बस में सवार दो अन्य लोग भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। डॉक्टर अंगद सिंह राणा के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी को गंभीर खतरा नहीं है।प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और बस चालक की लापरवाही की भी समीक्षा की जा रही है।


Spread the love
Ad