देहरादून। इटली में उच्च वेतन वाली नौकरी दिलाने का झांसा देकर चार ठगों ने देहरादून निवासी एक व्यक्ति से 11 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित युवक को इटली तो भेजा गया, लेकिन वहां उसे न तो नौकरी मिली और न ही वादा किया गया वीजा। उल्टा, युवक को धमकाया गया और चार महीने तक बेरोजगार बैठाए रखा गया।
पटेलनगर कोतवाली में दर्ज शिकायत के अनुसार, कारगी रोड स्थित सिंगल मंडी निवासी अवतार सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात हरचरण मल्ली और उसके जीजा नरेंद्र (निवासी बटाला, पंजाब) से हुई थी। उनके साथ संदीप और अमृतपाल भी शामिल थे। हरचरण ने दावा किया कि वह उनके बेटे जगनदीप को इटली में ₹2 लाख प्रति माह की नौकरी दिलवा सकता है, जिसमें रहने-खाने की भी व्यवस्था होगी।
आरोपियों की बातों में आकर अवतार सिंह ने यूनियन बैंक के माध्यम से हरचरण मल्ली के खाते में ₹11 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 17 सितंबर 2024 को जगनदीप को इटली भेजा गया। लेकिन वहां पहुंचने पर उसे केवल चार महीने का वीजा दिया गया और किसी भी प्रकार की नौकरी नहीं मिली।
चार महीनों तक जगनदीप को बिना काम के बैठाकर रखा गया। जब उसने विरोध किया, तो आरोपी नरेंद्र ने उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वह नरेंद्र की गिरफ्त से 14 जनवरी 2025 को इटली पुलिस की मदद से बाहर निकला। सुरक्षा मिलने के बाद वह भारत लौट सका।
पीड़ित की तहरीर पर हरचरण मल्ली, नरेंद्र, संदीप और अमृतपाल के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि आरोपियों पर धोखाधड़ी, मारपीट और धमकी देने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
