Spread the love

हल्द्वानी। मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत मंगलवार को हल्द्वानी सर्किट हाउस से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं के दल को हरी झंडी दिखाकर पवित्र गंगोत्री धाम के लिए रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना का उद्देश्य उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करना और उनके जीवन में आध्यात्मिक शांति एवं आनंद का संचार करना है।

इस बार की यात्रा में 19 महिला एवं 13 पुरुष श्रद्धालु शामिल हैं। यह पांच दिवसीय यात्रा होगी, इस दौरान यात्री गंगोत्री धाम सहित मार्ग के विभिन्न पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। यात्रियों के आवास,भोजन आदि की व्यवस्था गढ़वाल मंडल विकास नियम के पर्यटन आवास केन्द्रों में की गई है।

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), विधायक राम सिंह कैड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट,राज्य सरकार में विभिन्न दायित्वधारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


Spread the love
Ad