Spread the love

 उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हल्द्वानी में एक अहम संदेश देते हुए राज्य में डेमोग्राफिक बदलाव को लेकर कड़ा रुख अपनाया। ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जहां उन्होंने शहर को छह नई सिटी बसों की सौगात दी, वहीं राज्य की सांस्कृतिक और जनसंख्या संरचना को लेकर भी स्पष्ट चेतावनी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा “उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और जनसंख्या संतुलन से कोई भी छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने खास तौर पर देहरादून के पछवादून क्षेत्र और अन्य हिस्सों में हो रहे जनसंख्या बदलाव पर चिंता जताई और स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रकार का अनुचित डेमोग्राफिक परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार अब पूरी सख्ती से काम करेगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों (DMs) को निर्देश दिए हैं कि राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली कनेक्शन और परिवार रजिस्टर जैसे दस्तावेजों के माध्यम से अपात्र व्यक्तियों की पहचान की जाए। जो लोग गलत तरीके से सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि बीते वर्षों की लापरवाही ने वर्तमान स्थिति को जन्म दिया है। जो गलतियां पहले हुईं, अब उनकी भरपाई पूरी सख्ती से की जाएगी।

इस मौके पर हल्द्वानी शहर को छह नई सिटी बसों की सौगात भी मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा से न केवल स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि शहरी ट्रैफिक दबाव भी कम होगा।


Spread the love
Ad