उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और नानकमत्ता पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 151.17 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है।
एसटीएफ को खुफिया सूचना मिली थी कि एक तस्कर जनपद में हेरोइन की बड़ी खेप पहुंचाने वाला है। सूचना पर टीम ने किच्छा कोतवाली क्षेत्र के लालपुर इलाके में दबिश दी, जहां एक संदिग्ध को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह हेरोइन उसे नानकमत्ता निवासी प्रिंस सिंह ने दी थी। प्रिंस की मां सुरेंद्र कौर उर्फ जमुना पहले से ही नानकमत्ता थाने में हेरोइन तस्करी के मामले में नामजद हैं।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मिलक थाना, तथा उत्तराखंड के केलाखेड़ा और गदरपुर थाना क्षेत्रों में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान उसने कई अन्य तस्करों के नाम उजागर किए हैं, जिन पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
आरोपी के पास से एक बाइक भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ थाना नानकमत्ता में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने आमजन से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी लालच में आकर नशा तस्करी जैसे अपराध में शामिल न हों। उन्होंने नशा तस्करी की सूचना देने के लिए दो नंबर 0135-2656202 और 9412029536 भी जारी किए हैं।
एसटीएफ ने बताया कि ‘ड्रग्स-फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत प्रदेशभर में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।
