Spread the love

हरिद्वार/देहरादून: हरियाणा पुलिस के एक दरोगा को हरिद्वार में गोली मारकर फरार हुए आरोपी ने रविवार को देहरादून में खुद को गोली मार ली। यह घटना पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी के दौरान हुई। आत्मघाती फायरिंग में आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई।

हरिद्वार पुलिस के अनुसार, आरोपी देहरादून के लक्ष्मण चौक इलाके में अपने एक परिचित अधिवक्ता के घर पर छिपा हुआ था। जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की, उसने खुद पर गोली चला दी। हरिद्वार से पहुंची पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही।

शनिवार को हरियाणा के जींद जिले से पुलिस की एक टीम हरिद्वार में एक वांछित अपराधी को पकड़ने पहुंची थी। यह आरोपी हरियाणा के एसपी को धमकी देने के मामले में फरार चल रहा था।

पुलिस को उसकी लोकेशन हरिद्वार के रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन के पास मिली थी। दरोगा सुरेंद्र जब आरोपी को तलाश रहे थे, तभी उनकी नजर उस पर पड़ी। उन्होंने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागने लगा। कुछ दूरी पर दरोगा ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई और जमीन पर गिर पड़े।

इसी दौरान आरोपी ने पिस्तौल निकालकर दरोगा सुरेंद्र पर फायरिंग कर दी। गोली उनके पेट और कोहनी में लगी। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। रविवार को उसकी लोकेशन देहरादून के लक्ष्मण चौक क्षेत्र में ट्रेस की गई। वहां घेराबंदी की गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी ने खुद को गोली मार ली।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसके संपर्क में था और उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया।


Spread the love
Ad