Spread the love

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के नौगांव बाजार स्थित स्योरी फल पट्टी क्षेत्र में बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में एक आवासीय भवन गदेरे से आए मलबे में पूरी तरह दब गया, जबकि आधा दर्जन से अधिक मकानों में पानी घुस गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, देवलसारी गदेरे के उफान पर आने से एक मिक्चर मशीन और कई दुपहिया वाहन बह गए हैं। एक कार के भी मलबे में दबे होने की खबर है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के कई लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर चुके हैं।

इससे पहले नौगांव के बीच बहने वाला नाला भी अतिवृष्टि के चलते उफान पर आ गया था, जिससे बाजार क्षेत्र की कई दुकानें और घर जलमग्न हो गए। तेज बहाव के कारण सड़क पर खड़े कई दुपहिया वाहन बह जाने की पुष्टि हुई है।

प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। मौके पर आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 


Spread the love
Ad