Spread the love

उत्तराखंड में आपदा राहत कार्यों के बीच सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री बदलने जैसी भ्रामक और झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। देहरादून पुलिस ने तीन फेसबुक पेज संचालकों पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई भाजपा जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल की ओर से की गई शिकायत के आधार पर की गई है।

प्रदेश के बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में इन दिनों भारी बारिश और भूस्खलन के चलते आपदा की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के बदलने जैसी अफवाहें न सिर्फ जनता को भ्रमित कर रही हैं, बल्कि राहत एवं बचाव कार्यों और सरकारी प्रशासनिक व्यवस्थाओं को भी प्रभावित कर रही हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि “आई लव माय उत्तराखंड संस्कृति”, “उत्तराखण्ड वाले” और “जनता जन आंदोलन इरिटेड” नामक फेसबुक पेजों से मुख्यमंत्री परिवर्तन से जुड़ी भ्रामक पोस्ट प्रसारित की गई थीं। इन पोस्टों के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया। इसी आधार पर तीनों पेज संचालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर झूठी या अपुष्ट जानकारी फैलाना एक गंभीर अपराध है। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को साझा करने से परहेज़ करें। सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love
Ad