Spread the love

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने तीन युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में 17 वर्षीय कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 वर्षीय सौरभ और आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवकों को अस्पताल भेजा। सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, एक युवक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा झबरेड़ा थाना क्षेत्र के सहारनपुर रोड स्थित एक मंदिर के पास हुआ। देर रात को तीनों युवक, कार्तिक, सौरभ और आयुष, मंदिर के बाहर बने चबूतरे पर बैठे हुए थे। इस दौरान ट्रक और ट्रैक्टर-ट्राली की भिड़ंत हो गई, जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर चबूतरे पर आ गया और तीनों युवकों को कुचल दिया।

हादसे में कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौरभ और आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रक चालक फरार हो चुका था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से रुड़की सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां सौरभ की हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि कार्तिक अपने परिवार में एकमात्र लड़का था। उसकी दो बड़ी बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। इस हादसे के बाद कार्तिक के परिवार में गहरा दुख और शोक का माहौल है। परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे और उनके रोने-धोने से माहौल और भी गमगीन हो गया है।


Spread the love
Ad