Spread the love

हरिद्वार जनपद के रुड़की में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, बीती रात सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल छीनने की वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ सोनाली पार्क मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करने लगे। इस दौरान पिरान कलियर की ओर से एक बिना नंबर की बाइक पर सवार दो लोगों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने पीछा शुरू किया।

भागते समय बदमाशों की बाइक गंगनहर की पटरी पर फिसल गई, जिससे दोनों नीचे गिर पड़े। पुलिस के अनुसार, गिरने के बावजूद एक बदमाश लगातार फायरिंग करता रहा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में उसने अपना नाम बादल, निवासी चौंधा हेड़ी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। बादल ने कबूल किया कि एक दिन पहले उसने रुड़की के पीर बाबा कॉलोनी क्षेत्र में एक महिला से चेन छीनी थी और आगे और वारदात की फिराक में थे। उसने अपने फरार साथी का नाम ऋतिक बताया।

फिलहाल पुलिस फरार बदमाश ऋतिक की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग अभियान चला रही है। वहीं पकड़े गए बदमाश से अन्य घटनाओं को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।


Spread the love
Ad