Spread the love

उधम सिंह नगर जिले में एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों पर चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नानकमत्ता थाना क्षेत्र में पुलिस और नशा तस्कर के बीच मुठभेड़ हुई।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम को इलाके में नशा तस्कर की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तस्कर ने अचानक पुलिस पर 5 राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई में पुलिस की गोली नशा तस्कर के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस टीम ने घायल तस्कर को मौके पर काबू करते हुए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने साफ कहा है कि जिले में किसी भी हालत में अवैध नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन लंगड़ा के तहत नशे का कारोबार करने वाले अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अपराधी कानून को चुनौती देंगे, तो पुलिस भी सख्ती से निपटेगी। यह कार्रवाई एक बार फिर इस बात का सबूत है कि पुलिस नशा तस्करों को हर हाल में कानून के शिकंजे में लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 


Spread the love
Ad