Spread the love

हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर कुनारी में आयोजित समीक्षा बैठक उस समय तनावपूर्ण माहौल में बदल गई जब ग्राम प्रधान और गांव के एक युवक के बीच कहासुनी के बाद लात-घूंसे चलने लगे। देखते ही देखते पंचायत कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और बैठक को बीच में ही स्थगित करना पड़ा।

घटना के दौरान ग्राम प्रधान का भतीजा भी घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, बैठक में ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम विकास अधिकारी और सचिव सहित कई लोग विकास कार्यों और उच्च पेंशन योजना पर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीण भी वहां पहुंच गए, जिनमें से एक युवक ने बैठक में शामिल होने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर प्रधान और युवक के बीच बहस शुरू हुई जो हाथापाई में बदल गई।

ग्राम प्रधान का आरोप है कि युवक ने पंचायत की बैठक के दौरान रजिस्टर फेंका और सरकारी कार्य में बाधा डाली। उन्होंने कहा कि संबंधित युवक लगातार पंचायत के कामों में बाधा डालता है और अभद्र व्यवहार करता है। पंचायत सचिव खेम सिंह नेगी ने भी प्रधान के आरोपों की पुष्टि करते हुए कहा कि युवक ने बैठक के माहौल को बिगाड़ा और हाथापाई की।

वहीं दूसरी ओर युवक ने प्रधान पर ही मारपीट का आरोप लगाते हुए सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी है। चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि युवक की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल प्रधान या पंचायत सचिव की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 


Spread the love
Ad