हल्द्वानी क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय एक आपराधिक गिरोह के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के कथित सरगना देवेन्द्र सिंह बिष्ट सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में आदित्य नेगी (निवासी जज फार्म, आईटीआई हल्द्वानी), देवेन्द्र सिंह बोरा (निवासी डहरिया, हल्द्वानी) और नवीन सिंह मेहरा (निवासी ग्राम टुनाकोट, भवाली; वर्तमान पता पीलीकोठी रोड, हल्द्वानी) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह क्षेत्र में मारपीट, फायरिंग, हथियारों से हमला और लूटपाट जैसी आपराधिक घटनाओं में संलिप्त था। इनकी गतिविधियों से स्थानीय नागरिकों में भय और असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न हो गया था। यह समूह कथित रूप से स्वयं को ‘आईटीआई गैंग’ के रूप में प्रचारित कर रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चारों आरोपियों के विरुद्ध पहले से ही विभिन्न गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या के प्रयास), आर्म्स एक्ट और हालिया लागू भारत न्याय संहिता (BNS) की कई धाराएं शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
