देशभर में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और इसका असर उत्तराखंड समेत कई राज्यों में दिखने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 22 अगस्त से आगामी कुछ दिनों के लिए भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 25 अगस्त तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है।
राज्य की राजधानी देहरादून सहित अधिकांश जिलों में लगातार बारिश से सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि गुरुवार को कहीं-कहीं तेज बारिश नहीं हुई, लेकिन कई इलाकों में लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद न के बराबर जताई है।
मौसम विभाग ने बागेश्वर और चम्पावत जिलों में आज भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट (Be Prepared) जारी किया है। वहीं पहाड़ी जिलों और उधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका के चलते येलो अलर्ट (Be Aware) जारी किया गया है।
प्रदेश के सभी जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों और उधम सिंह नगर में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन का पूर्वानुमान है, जबकि अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
