उत्तराखंड में मानसून का दौर लगातार जारी है और मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आज (20 अगस्त) से लेकर 25 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खास तौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में तेज से अति तेज बारिश का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान जताया है। वहीं कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना है। टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल में भी तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
21 से 25 अगस्त तक की चेतावनी
21 अगस्त: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की आशंका।
22 अगस्त: पर्वतीय जिलों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्र उधम सिंह नगर में भी भारी बारिश का अनुमान।
23 अगस्त: देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट, बाकी पर्वतीय जिलों और उधम सिंह नगर में येलो अलर्ट।
24-25 अगस्त: पूरे उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जना का दौर जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने आम जनता और प्रशासन से अनुरोध किया है कि वह सतर्क रहें, खासकर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदियों के किनारे और ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचें। बिजली चमकने, जलभराव और सड़क अवरुद्ध होने जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं।
