नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड सहित जनपद नैनीताल में आगामी 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इस पूर्वानुमान के मद्देनज़र जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व राहत कार्यों को तेज़ कर दिया गया है।
जिलाधिकारी वंदना, जो कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष भी हैं, ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से सड़क निर्माण एजेंसियों को कहा है कि बंद सड़कों को प्राथमिकता से खोला जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए।
साथ ही, सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहने और किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी थानों और चौकियों को भी सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपदा के दौरान यदि लोग मार्ग में फंसे पाए जाते हैं, तो उनके भोजन, आवास और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाएगी। सभी स्कूलों को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा है कि मॉनसून अवधि में कोई भी अपना मोबाइल बंद नहीं रखेगा और किसी भी घटना की सूचना तुरंत जिला आपदा परिचालन केंद्र को दी जाए।
आपदा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए नागरिक दूरभाष नंबर 05942-231178 या टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। साथ ही, नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
सोमवार सुबह एनएच-आल्मोड़ा मार्ग पर एक विशालकाय पत्थर गिरने से यातायात बाधित हो गया था, जिसे प्रशासन ने जेसीबी की मदद से हटाकर मार्ग को शीघ्र खोल दिया।
हल्द्वानी में नगर आयुक्त द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। लाउडस्पीकर के माध्यम से गौला नदी और आसपास के स्थानों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
खैरना-बेतालघाट मार्ग पर मलबा आने की सूचना के बाद उपजिलाधिकारी मोनिका ने मौके का निरीक्षण कर कार्य शुरू करवाया।
नगर निगम हल्द्वानी की टीम ने चंबल पुल, रक्सिया, कलसिया नाला जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को सतर्क किया। चौफला चौराहा में नालों की सफाई भी जारी है।
भूमियाधार स्थित खूपी गांव (भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र) का निरीक्षण उपजिलाधिकारी नवाजिस खलिक द्वारा किया गया। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्कता बरतने और प्रशासन से संपर्क में रहने की सलाह दी।
