Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने कहर बरपाया है। पौड़ी गढ़वाल के बुरासी गांव में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जहां भूस्खलन से दो महिलाओं की मौत हो गई और कई मवेशी भी मलबे में दबकर मारे गए। हादसे में गांव के कई घरों और गौशालाओं को भारी नुकसान पहुंचा है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बिमला देवी (पत्नी स्व. बलवंत सिंह भंडारी) और आशा देवी (पत्नी स्व. प्रेम सिंह नेगी) के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं अचानक हुए भूस्खलन के दौरान मलबे में दब गईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

वहीं, ग्रामीण अमर सिंह का आवासीय भवन और गौशाला भी मलबे की चपेट में आ गया, जिसमें कई मवेशियों की मौत हो गई। इससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।

पास के सैजी गांव में भी कई मकानों को क्षति पहुंचने की सूचना है। पूरे क्षेत्र में बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है और लोगों में भय का माहौल है।

जनकल्याण सामाजिक समिति ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और मुआवजा प्रदान किया जाए। समिति ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। प्रशासन की ओर से राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


Spread the love
Ad