Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सोमवार सुबह ऋषिकेश-नीलकंठ मोटर मार्ग पर घट्टूघाड़ के पास एक चलती कार पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कार सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

थाना लक्ष्मण झूला प्रभारी संतोष पैथवाल ने जानकारी दी कि नीलकंठ मार्ग पर लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। एहतियात के तौर पर करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग पर यातायात रोक दिया गया। इस दौरान दो-तीन अन्य वाहनों पर भी पत्थर गिरे, मगर सभी यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस और लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मार्ग को सुचारु करने में जुटी है।

इधर, देहरादून के प्रेमनगर के ठाकुरपुर क्षेत्र में नदी की तेज धाराओं में तीन लोग फंस गए। सूचना मिलने पर SDRF (संचित आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। तेज जलधारा और चुनौतीपूर्ण हालात के बावजूद टीम ने तीनों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

कुमाऊं मंडल में भी बारिश का कहर जारी है। कई स्थानों पर नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है, वहीं लगातार भूस्खलन से मार्गों पर बोल्डर और मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। भुजियाघाट में पहाड़ टूटने से नैनीताल मार्ग बंद हो गया है, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

उधम सिंह नगर के रुद्रपुर, बाजपुर और इंदिरा कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई है। SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाने की कोशिश की और सतर्क निगरानी रखी जा रही है। प्रशासनिक अमला भी प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद है, ताकि जनजीवन को सामान्य किया जा सके।

हरिद्वार में भी बीती रात से हो रही लगातार बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। रानीपुर मोड़ जैसे प्रमुख इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे कारें और बाइकें जलभराव में फंस गईं। कई लोगों को ऑफिस और जरूरी कामों के लिए निकलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

प्रदेशभर में बारिश से जनजीवन प्रभावित है, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।


Spread the love
Ad