Spread the love

धनौल्टी: नैनबाग सुमन क्यारी के पास सेब से भरा एक पिकअप वाहन यमुना नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह लगभग 6 बजे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे-507 पर टिहरी गढ़वाल के थाना कैप्टी क्षेत्र में मोरी से विकासनगर सेब लेकर जा रहा पिकअप वाहन सुमन क्यारी के पास लगभग 300 मीटर नीचे यमुना नदी के किनारे जा गिरा। वाहन में चार युवक सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को सुरक्षित निकाला।

बताया गया है कि वाहन में से दो लोग पहले ही बाहर निकल गए थे, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज नैनबाग अस्पताल में चल रहा है। जबकि अन्य दो घायलों की स्थिति गंभीर है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून के उच्च स्तरीय अस्पताल भेजा गया है।

थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि सभी घायलों का संबंध ग्राम नूरानी नैटवाड़ थाना मोरी, जनपद उत्तरकाशी से है। गंभीर रूप से घायल सुल्तानू पुत्र बनासू लाल और विपिन पुत्र सेम सिंह को तत्काल देहरादून भेजा गया है।

 


Spread the love