Spread the love

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में रविवार सुबह एक घर में एलपीजी गैस सिलिंडर से गैस रिसाव के बाद हुए धमाके में पांच लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम डिस्पोजल स्क्वॉड मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की गहन जांच की गई।

घटना महंत इंद्रेश अस्पताल के पीछे टपरी, पूर्वी पटेलनगर में स्थित एक घर में हुई, जहां विजय साहू अपने परिवार के साथ रहते हैं। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:45 बजे घर के एक बंद कमरे में सिलिंडर से गैस रिसाव के कारण गैस जमा हो गई थी। इसी दौरान बिजली के स्विच में लगी नंगी तार से स्पार्किंग हुई, जिससे कमरे में मौजूद गैस ने आग पकड़ ली और तेज धमाका हो गया।

धमाके में विजय साहू (38), उनकी पत्नी सुनीता (35) और उनके तीन बच्चे अमर (11), सनी (8), और अनामिका (8) झुलस गए। सभी घायलों को मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सभी का इलाज जारी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

धमाके से घर की एक दीवार और दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि विस्फोट और आग फैलने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

फॉरेंसिक और बीडीएस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और प्रारंभिक जांच में इसे गैस रिसाव से हुई दुर्घटना करार दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और लोगों से गैस उपकरणों के सुरक्षित इस्तेमाल की अपील की है।


Spread the love
Ad