Spread the love

हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में भगदड़ मचने से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश देते हुए कहा कि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख और घायलों को ₹50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदेश सरकार द्वारा दी जाएगी।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हादसे में घायल हुए कुल 35 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल लाया गया, जिनमें से कई की हालत गंभीर थी। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार और सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 सेवा की सात एंबुलेंस और ‘खुशियों की सवारी’ की दो एंबुलेंस को मौके पर तैनात किया गया। इनकी मदद से कई घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

प्रशासन ने प्रभावितों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, हरिद्वार:
📞 01334-223999, 9068197350, 9528250926

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून:
📞 0135-2710334, 2710335, 8218867005, 9058441404

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है।


Spread the love
Ad