गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर छिनका के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में पेरी गांव के पूर्व ग्राम प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक वाहन पीपलकोटी से चमोली की ओर जाते समय अनियंत्रित होकर पलट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सभी लोग आगामी 28 जुलाई को पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदान के लिए अपने गांव लौट रहे थे। सभी बदरीनाथ में यात्रा सीजन के दौरान काम कर रहे थे और वहीं से लौट रहे थे। जैसे ही वाहन छिनका और बिरही के बीच पहुंचा, अचानक संतुलन बिगड़ने से हाईवे पर ही पलट गया।
हादसे के समय वाहन में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें पेरी गांव के पूर्व ग्राम प्रधान बलवंत सिंह (52 वर्ष), पुत्र केदार सिंह की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में भरत सिंह पुत्र स्व. नंदन सिंह, हिम्मत सिंह पुत्र आलम सिंह, पुष्कर सिंह पुत्र केदार सिंह, और त्रिलोक सिंह पुत्र पुष्कर सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही एसडीएम आर.के. पांडेय और सीएमएस डॉ. अनुराग धनिक मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासनिक टीम ने राहत और बचाव कार्य भी तुरंत शुरू किया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
