उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान आज सुबह 8 बजे से जारी है। सुबह से ही लोगों में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में वोटर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। 12 बजे तक प्रदेश में लगभग 27 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
हरिद्वार जिले को छोड़कर प्रदेश के बाकी 12 जिलों में चुनाव प्रक्रिया सक्रिय रूप से चल रही है। पहले चरण के तहत आज 24 जुलाई को मतदान हो रहा है, जबकि दूसरे चरण में 28 जुलाई को वोटिंग संपन्न होगी। चुनाव परिणामों की गिनती 31 जुलाई को एक साथ की जाएगी।
प्रदेश में कुल 17,829 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं और लगभग 26 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पहले चरण में नैनीताल जिले के ओखलकांडा, बेतालघाट, रामगढ़ और धारी ब्लॉक में मतदान जारी है। नैनीताल के चार ब्लॉकों में ग्राम प्रधान पद के लिए 610, ब्लॉक डेवलपमेंट कौंसिल (BDC) के लिए 347, जिला पंचायत सदस्य के लिए 71 और ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 23 उम्मीदवार भाग्य आजमाने उतरे हैं। कुल मिलाकर 1051 प्रत्याशियों का चुनाव परिणाम मतपेटी में बंद होगा।
