Spread the love

रामनगर। गर्जिया माता मंदिर के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुंदरखाल गांव से ढिकुली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) जा रहे स्कूली बच्चों से भरे टेंपो को एक तेज रफ्तार वैगन आर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 8 स्कूली बच्चे, टेंपो चालक और एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैगन आर कार गलत दिशा में तेज गति से आ रही थी। गर्जिया मंदिर के पास उसने टेंपो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सड़क से फिसलकर कच्चे रास्ते में जा घुसा और उसमें बैठे बच्चे जोर से झटके खाकर इधर-उधर गिर पड़े।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और कार चालक की तलाश जारी है। यह हादसा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर गया है।


Spread the love
Ad