उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के प्रथम चरण के तहत मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 11 बजे तक पूरे प्रदेश में 19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जनपद नैनीताल के चार विकासखंड — रामगढ़, धारी, बेतालघाट और ओखलकांडा — में कुल 312 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया है और लोग बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंच रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना ने बताया कि मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर बूथ पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और लगातार निगरानी की जा रही है।
टिहरी जिले के पांच ब्लॉकों में सुबह 10 बजे तक 10.66 प्रतिशत मतदान हो चुका है। ब्लॉकवार आंकड़े इस प्रकार हैं: जौनपुर में 11.89%, धौलधार में 12.58%, जाखणीधार में 9.56%, भिलंगना में 9.81% और प्रतापनगर में 10.34%। यमुनोत्री के पूर्व विधायक केदार सिंह रावत ने नारायण पुरी स्थित मतदान केंद्र में अपने परिवार के साथ मतदान किया।
चमोली जनपद के देवाल, थराली और नारायणबगड़ विकासखंडों में भी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। सुबह से ही ग्रामीण अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। कई प्रत्याशियों ने मतदान से पहले मंदिर में पूजा-अर्चना कर मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
