उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में आज भी तेज बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी से भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी कुछ दिनों तक लगातार बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले पांच से छह दिनों तक गढ़वाल क्षेत्र में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है, जबकि कुमाऊं में सामान्य बारिश का अनुमान है।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और अन्य एजेंसियों से प्राप्त चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें। विभाग ने लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की है ताकि किसी भी आपदा से बचा जा सके।
