उत्तराखंड में आयोजित उत्तराखंड निवेश उत्सव – 2025 में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शिरकत की और इस मौके पर उन्होंने उत्तराखंड के विकास को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। साथ ही कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला।
अमित शाह ने कहा कि जब उत्तराखंड के लोग अलग राज्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे, उस समय कांग्रेस सरकार ने आंदोलनकारियों पर अत्याचार किए। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने का श्रेय भारतीय जनता पार्टी और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। अटल जी ने तीन नए राज्य बनाए, और आज वे सभी तेजी से प्रगति कर रहे हैं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन राज्यों को और बेहतर बनाने का कार्य कर रहे हैं।
गृहमंत्री ने विकास की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में उत्तराखंड को मात्र ₹53,000 करोड़ की मदद दी, जबकि भाजपा सरकार ने ₹1.86 लाख करोड़ से ज्यादा का योगदान दिया है। इसमें से ₹31,000 करोड़ सड़कों के लिए, ₹40,000 करोड़ रेलवे के लिए और ₹100 करोड़ एयरपोर्ट के विकास के लिए दिए गए हैं।
अमित शाह ने उत्तराखंड की निवेश-नीति की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने पारदर्शिता, कानून व्यवस्था और उद्योगों के लिए रेड कारपेट की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड में 365 दिन, 24 घंटे पर्यटक आते हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि छोटे राज्यों के बिना भारत का समग्र विकास संभव नहीं है, इसलिए केंद्र सरकार ने उत्तराखंड जैसे राज्यों और पूर्वोत्तर के राज्यों को विशेष प्राथमिकता दी है।
अमित शाह ने धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर बात करते हुए कहा, “उत्तराखंड में एक ज्योतिर्लिंग, तीन शक्ति पीठ, चार धाम, पंच प्रयाग, पंच केदार और सप्त बदरी जैसे आध्यात्मिक केंद्र हैं, इसलिए इस राज्य को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।” उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा और जैविक खेती राज्य की अर्थव्यवस्था के मजबूत स्तंभ बनेंगे।
इस मौके पर राज्य सरकार द्वारा ₹1271 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का ई-लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में देशभर से निवेशक और उद्यमी शामिल हुए और उत्तराखंड में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
