Spread the love

 उत्तराखंड पंचायत चुनावों के बीच कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। प्रदेश और जिला स्तर के कई कांग्रेसी नेता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए इन नेताओं का मुख्यमंत्री धामी ने खुले दिल से स्वागत किया।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालों में सबसे प्रमुख नाम महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मीरा सोनकर का है। इसके साथ ही नगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रवीश भटनागर समेत दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह भाजपा की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और कांग्रेस से भाजपा में आए सभी कार्यकर्ता राज्य के विकास में अपना योगदान देंगे। सीएम ने यह भी कहा कि वे सभी नेताओं का पार्टी की रीति-नीति को जनता तक पहुंचाने के लिए स्वागत करते हैं।

राजनीतिक जानकार इस घटनाक्रम को खटीमा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक और उप नेता प्रतिपक्ष भुवन चंद्र कापड़ी के लिए बड़ा झटका मान रहे हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भुवन चंद्र कापड़ी ने खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हराया था। इसके बाद सीएम धामी ने चंपावत से उप चुनाव लड़ा था। पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस में इस तरह का नेतृत्व स्तर पर टूटना विपक्ष के लिए नकारात्मक संकेत माना जा रहा है।


Spread the love
Ad