उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर से रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर कुमाऊं मंडल के तीन जिलों नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में 20 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के निवासियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गढ़वाल मंडल के देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल, तथा कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश की स्थिति में वे सुरक्षित स्थानों पर रहें, नदियों और नालों से दूर रहें तथा यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें। प्रशासन को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
