Spread the love

उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.3 मापी गई है। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर अपने घरों और दुकानों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, यह भूकंप रात लगभग 12:45 बजे आया और इसका केंद्र चमोली जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

हालांकि किसी तरह के जानमाल के नुकसान की फिलहाल कोई सूचना नहीं है।

इससे पहले 8 जुलाई को भी उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.2 मापी गई थी। वह भूकंप दोपहर 1:07 बजे आया था और इसकी गहराई जमीन में 5 किलोमीटर बताई गई थी।

उत्तराखंड भूकंपीय दृष्टिकोण से संवेदनशील जोन में आता है और यहां समय-समय पर हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे झटकों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और लोगों को सतर्क रहना चाहिए।


Spread the love
Ad