देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का मिजाज बिगड़ गया है। प्रदेशभर में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आगामी 21 जुलाई तक राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर चमोली, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए विशेष चेतावनी दी गई है। विभाग के अनुसार, इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
आज के लिए मौसम विभाग ने राज्य के टिहरी, हरिद्वार, अल्मोड़ा और उधम सिंह नगर जनपदों के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा, प्रदेश के अन्य जनपदों में भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
मौसम विभाग ने नागरिकों से नदियों और जल स्रोतों के पास न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। साथ ही, पर्यटकों और यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा की योजना बनाएं। आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
