Spread the love

श्रीनगर (गढ़वाल): ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग के पास मूल्यगांव स्थित पतंजलि आश्रम के नजदीक दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रक देवप्रयाग से श्रीनगर की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर आ रहा था। दोनों ट्रकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतक चालक की पहचान ताजबर सिंह के रूप में हुई है।

वहीं, दूसरे ट्रक के चालक महावीर महर पुत्र सुर्जन सिंह, निवासी ग्राम ज्ञानासु, टिहरी, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लखपत सिंह बुटोला के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया। पुलिस ने मृतक और घायल चालक के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


Spread the love
Ad