
देहरादून: उत्तराखंड भाजपा ने ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। कुछ दिन पहले उन्हें पार्टी की छवि खराब करने और अनुशासनहीनता के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके जवाब में सुरेश राठौर ने खुद पार्टी कार्यालय में अपनी सफाई दी थी, लेकिन आज पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
बताया जा रहा है कि सुरेश राठौर ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें एक महिला उनके साथ थीं। उस दौरान महिला ने उन्हें पति के रूप में संबोधित करते हुए विवाह की घोषणा भी की। बाद में महिला ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट भी किए, जिसमें उन्होंने राठौर को अपना पति बताया।
इस घटना के बाद भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने पुष्टि की थी कि राठौर के कुछ कार्य पार्टी अनुशासन के खिलाफ हैं। पार्टी उनके निजी जीवन में दखल नहीं देना चाहती, लेकिन सार्वजनिक विवाद से पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है, जिसके कारण यह कदम उठाया गया है
