Spread the love

देहरादून। मंगलवार को राज्य भर में तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्री-मानसून बारिश ने प्रदेश में गर्मी से कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन आगामी दिनों में मौसम का यह मिजाज बना रह सकता है। 22 जून तक राज्यभर में मौसम बदला-बदला रहने की संभावना है।

देहरादून स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल जिलों के अधिकांश क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। साथ ही आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है।

राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। कुछ दौरों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश के एक-दो दौर भी देखने को मिल सकते हैं। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

 


Spread the love
Ad