Spread the love

रामनगर में शुक्रवार देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ट्रक यूनियन कार्यालय के सामने की है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर चार नामजद और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाल अरुण कुमार सैनी के अनुसार, गूलरघट्टी निवासी सिकंदर और लूटबढ़ निवासी अविनाश उर्फ चुई के बीच बीते कुछ समय से विवाद चल रहा था। विवाद की वजह सिकंदर की गर्लफ्रेंड को अविनाश द्वारा फोन कर परेशान करना बताया जा रहा है। इसी रंजिश के चलते शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे दोनों गुट ट्रक यूनियन के सामने आमने-सामने आ गए।

इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में सिकंदर गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं अविनाश गुट के युवक मोहम्मद सारिम (23 वर्ष), पुत्र अशरफ अली, निवासी मल्ला बेड़ाझाल को गंभीर चोटें आईं। घायल सारिम को उसके साथी रामनगर अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक के सीने पर नुकीले हथियार से हमला होने के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों और 15 अज्ञात के खिलाफ हत्या और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी युवकों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है।

कोतवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love