
बागेश्वर। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गुरुवार को बागेश्वर तहसील कार्यालय के विभिन्न विभागों और कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तहसीलदार न्यायालय, राज्य कर विभाग, वरिष्ठ अभियोजन कार्यालय, आरके सेक्शन, रजिस्ट्रार ऑफिस, जन आधार केंद्र समेत कई कार्यालयों का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी के अचानक निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली की कड़ाई से जांच की और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने तथा उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली से दर्ज कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपस्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और संवेदनशील रहने को कहा गया।
जन आधार केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित नागरिकों से बातचीत कर प्रमाण पत्र निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने सरकारी कर्मियों को जनता के प्रति जिम्मेदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सलाह दी। आशीष भटगांई ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य डिजिटल, पारदर्शी और प्रभावी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना है, जिसमें हर निर्णय जनहित को सर्वोपरि रखा जाए।
जिलाधिकारी ने कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने, फाइल मूवमेंट को व्यवस्थित करने और कार्यों में अनावश्यक देरी न होने देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कर्मचारियों की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पेयजल व्यवस्था और अग्निशमन यंत्रों की स्थिति का भी जायजा लिया। जहां भी कमी मिली, संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता को त्वरित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना है। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में छात्रों से भी संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
