
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कुल छह प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में मुख्यमंत्री के सचिव शैलेश बगोली ने कैबिनेट को विभिन्न प्रस्तावों की जानकारी दी।
कैबिनेट द्वारा लिए गए प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं:
कृषि विभाग में 46 नए पद सृजित
कृषि एवं कृषि कल्याण विभाग को मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने 46 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी है।
खनन निरीक्षण हेतु बागेश्वर में 18 पद बढ़ाए गए
हाईकोर्ट के निर्देश के अनुपालन में बागेश्वर जिले में खनन गतिविधियों की निगरानी बढ़ाने के लिए 18 अतिरिक्त पदों को स्वीकृति दी गई है।
बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं को स्वीकृति
उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिसीमन 2012 के तहत, आसान बैराज से भट्टा फॉल तक बाढ़ नियंत्रण हेतु पांच निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है।
पीडब्ल्यूडी के पांच गेस्ट हाउस PPP मोड में दिए जाएंगे
लोक निर्माण विभाग (PWD) के पांच विश्रामगृहों को निजी भागीदारी (PPP मोड) के तहत मोनेटाइज करने की मंजूरी दी गई है, जिससे राज्य को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग को आबकारी सेस का उपयोग करने की अनुमति
आबकारी अधिनियम के तहत एकत्र 1% सेस को महिला एवं बाल विकास विभाग के उपयोग में लाने हेतु नियमावली तैयार कर दी गई है।
कैबिनेट के ये फैसले राज्य प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावशाली बनाने और जनहित में तेजी से विकास कार्यों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
