Spread the love

उत्तराखंड में आज से चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार सुबह गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। गंगोत्री धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा संपन्न की गई, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंचकर माँ गंगा के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।

गंगोत्री धाम के कपाट अभिजीत मुहूर्त में प्रातः 10:30 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ खोले गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर गंगे” के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने इस आध्यात्मिक माहौल को और भी भावविभोर कर दिया।

इधर यमुनोत्री धाम में भी विधि-विधान के साथ कपाट खोल दिए गए। धाम में भक्तों का रेला उमड़ पड़ा है, जो माँ यमुना के दर्शन के लिए बेसब्री से कतारों में खड़ा नजर आ रहा है। कपाटोद्घाटन के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की शुरुआत पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु माँ गंगा और माँ यमुना के दिव्य दर्शन कर सकेंगे।


Spread the love