Spread the love

देहरादून में एक निजी बैंक में कार्यरत कर्मचारी को स्टॉक ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने करीब 37 लाख रुपये की ठगी कर डाली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम कंट्रोल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित मोहम्मद सिराज, निवासी तरला अधोईवाला, देहरादून में एक निजी बैंक में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 11 जून को उनके व्हाट्सएप पर एक अंजान महिला का मैसेज आया, जिसने खुद को आरोही पटेल, 360 वन कंपनी लिमिटेड की असिस्टेंट बताया। महिला ने स्टॉक ट्रेडिंग टिप्स देने और निवेश पर मोटा मुनाफा मिलने का दावा किया।

बातचीत आगे बढ़ने पर 17 जून को सिराज को एक और व्हाट्सएप नंबर से जोड़ा गया और उन्हें स्टॉक ट्रेडिंग के लिए प्रेरित किया गया। 25 जून को गूगल फॉर्म भरवाकर 29 जून तक उनके फार्म की “जांच” की गई। इसके बाद उन्हें 360 वन कंपनी लिमिटेड के नाम से आईडी और एक फर्जी प्रमाण पत्र भेजा गया, जिसमें सेबी रजिस्ट्रेशन नंबर भी अंकित था।

30 जून को पीड़ित को एक लिंक भेजकर “360 वन” नामक एप डाउनलोड करवाई गई, जिससे स्टॉक ट्रेडिंग करने की बात कही गई। एप के जरिये निवेश शुरू करने के लिए अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई गई। सिराज ने 3 जुलाई को 50 हजार और 4 जुलाई को 60 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद इकोप्लास्ट नामक कंपनी के शेयरों में निवेश करने को कहा गया।

शेयर खरीद-बिक्री के बाद एप में 15% मुनाफा दिखाया गया। इसी तरह 19 जुलाई तक सिराज से कुल 36 लाख 50 हजार रुपये जमा कराए गए और मुनाफा दिखाकर विश्वास बनाए रखा गया। लेकिन जब उन्होंने अपनी रकम वापस निकालनी चाही, तो वह असफल रहे। यहीं से उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

सीओ साइबर क्राइम कंट्रोल अंकुश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

 


Spread the love
Ad